वॉर

वॉर ने रिलीज़ के पहले भी इतिहास रच दिया था जब एडवांस बुकिंग के दौरान ही इस फ़िल्म के आंकड़े प्रेम रतन धन पायो के आंकड़ों से ज़्यादा निकल गए। 'koimoi' वेबसाइट की माने तो ठग्स ऑफ़ हिन्दोस्तान ने पहले दिन 50.75 करोड़ की ओपनिंग ली थी और वॉर की पहली दिन की सिर्फ हिंदी भाषा में कमाई 50 करोड़ हो चुकी है बता दें कि यह फ़िल्म तमिल और तेलगू में भी रिलीज़ हुई है। फ़िल्म लोगों को पसंद राही है, हालांकि फिल्म में नवीनता कुछ नहीं है पर ऋतिक और टाइगर का 'ब्रोमांस' लोगों को थिएटर की ओर आकर्षित कर रहा है। फ़िल्म के बज़ के अनुसार जाएं तो यह फ़िल्म 300 करोड़ के आंकड़े को भी पार कर सकती है।

साई रा नरसिम्हा रेड्डी

यह पीरियड फिल्म अंग्रेजों के खिलाफ कुरनूल में हुई आजादी की पहली लड़ाई की कहानी है। वैसे तो इतिहास में अंग्रेजों के खिलाफ पहली बगावत 1857 की ही मानी जाती है। कुरनूल का यह संघर्ष इससे पहले का बताया जाता है। 'सई रा नरसिम्हा रेड्डी' एक बिग बजट तेलगू फ़िल्म है जिसे तमिल,कन्नड़ और मलयालम के साथ-साथ हिंदी में भी डब किया गया है। फ़िल्म के मुख्य कलाकार हैं चिरंजीवी, अमिताभ बच्चन, तमन्ना भाटिया, विजय सेतुपति, नयनतारा समेत अन्य। यह अमिताभ बच्चन की पहली दक्षिण भाषा में बनी मूवी है। फ़िल्म में चिरंजीवी नरसिम्हा रेड्डी की भूमिका में हैं जो स्वतंत्रता सेनानी हैं और अमिताभ बच्चन उनके आध्यात्मिक गुरु गोसाई वेंकन्ना के किरदार में हैं। फ़िल्म का स्केल बहुत विशाल है और चिरंजीवी का स्क्रीन प्रेजेंस ही सीटियां और तालियां मारने को बेताब कर देता है। फ़िल्म के साथ दिक्कत सिर्फ इतनी है कि फ़िल्म एक निर्धारित फॉर्मूले पर चलती है, नयापन नदारद है। आप पहले से भांप लेते हो अगले सीन में क्या होने वाला है। दूसरा फ़िल्म की लंबाई जो लगभग 2 घंटे 47 मिनट है जो एक समय के बाद फ़िल्म को खींचने लगती है। बहरहाल इसके हिंदी डब्ड वर्ज़न ने 15 करोड़ का कारोबार किया है। रही बात तेलगू वर्ज़न की तो साउथ में तो यह हाउसफुल है और करीब 35 करोड़ का व्यवसाय पहले दिन की है।

जोकर

हैंगओवर सीरीज़ के निर्देशक टॉड फिलिप्स लेकर आ गए हैं गॉथम सिटी के सबसे कुख्यात अपराधी जोकर की ओरिजिन स्टोरी। यह फ़िल्म है एक हताश, हारे हुए कमीडियन आर्थर फ्लेक की जो कालांतर में अपराध की दुनिया का शहंशाह बन कर उभरता है। फ़िल्म में शीर्षक भूमिका निभा रहे हैं गोल्डन ग्लोब पुरस्कार से सम्मानित जोआक्विन फ़ीनिक्स। यह कहानी बैटमैन के सबसे प्रसिद्ध दुश्मन जोकर की है पर ये फ़िल्म DC यूनिवर्स के अंतर्गत नहीं बन रही है। बता दें 'जोकर' को नार्थ अमेरिका और यूरोप में 4 अक्टूबर को रिलीज़ किया जाएगा पर इंडिया में इसे 2 अक्टूबर को रिलीज़ किया गया। इस फ़िल्म का प्रीमियर वेनिस फ़िल्म फेस्टिवल के दौरान हुआ था,फ़िल्म खत्म होने के बाद 10 मिनट तक फ़िल्म के सम्मान में तालियां बजती रही थीं।
जोकर का एक-एक फ्रेम को आर्टिकल में उतारा जा सकता है, इस हॉलीवुड फिल्म में कोई सुपरहीरो नहीं है,कोई स्पेशल इफेक्ट्स नहीं है सिर्फ अभिनय है जिसे खूबसूरती से निभाया गया है।'बॉक्स ऑफ़िस इंडिया' के अनुसार फ़िल्म ने इंडिया में 5.75 करोड़ का बिजनेस किया है। सिर्फ बड़े शहरों और मल्टीप्लेक्स में इसे स्क्रीन्स मिली हैं जिसके हिसाब से कलेक्शन बेहद अच्छा है